60 साल के वकील के साथ फरार हो गई 50 साल की डॉक्टर
यह कहानी बिहार की है। बिहार के पूर्णिया जिले में एक 50 साल की महिला डॉक्टर अपने 60 साल के प्रेमी वकील के साथ फरार हो गई। महिला डॉक्टर के पति ने पुलिस में वकील के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला डॉक्टर का पति भी डॉक्टर है। उसने बताया कि उसके दो बेटे और एक बेटी है। दोनों बेटे एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि बेटी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटी है। इस बीच पत्नी के प्रेमी के साथ फरार होने से समाज में सम्मान को धब्बा लग रहा है। साथ ही बच्चों पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो महिला डॉक्टर और वकील बचपन में एक-दूसरे से प्यार करते थे। उस समय दोनों दिल्ली में साथ-साथ पढ़ाई करते थे। जब परिजनों को दोनों के इस प्यार का पता चला तो उन्हें ये रिश्ता मंजूर नहीं हुआ। इसके चलते दोनों के परिवार वालों ने उनकी शादियां अलग-अलग जगह कर दीं। महिला डॉक्टर को डॉक्टर पति मिला। जबकि वकील को भरा पूरा परिवार वाली पत्नी मिली। हालांकि अलग-अलग शादियां होने के बाद भी दोनों का प्यार जिंदा रहा। दोनों परिवार हंसी-खुशी फल फूल रहे थे।
एक मुलाकात में जवान हो गया बचपन का प्यार
इसी बीच एक दिन महिला डॉक्टर की अपने प्रेमी वकील से मुलाकात हो गई। इस मुलाकात में बचपन के दिन ताजा हो गए और दोनों में फिर से प्यार की पींगे बढ़ने लगीं। इसकी जानकारी जब महिला डॉक्टर के पति को हुई तो उसने वकील का विरोध किया। हालांकि वकील चोरी-छिपे अपनी प्रेमिका महिला डॉक्टर से मिलने जाता रहा। पिछले सप्ताह डॉक्टर पति के क्लीनिक जाते ही महिला डॉक्टर अपने प्रेमी वकील के साथ फरार हो गई। फरारी के समय महिला डॉक्टर की उम्र 50 साल और प्रेमी वकील की उम्र 60 साल थी। इसकी जानकारी से दोनों परिवारों में हड़कंप मचा। क्लीनिक छोड़कर घर पहुंचे डॉक्टर ने पत्नी के प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। केस हाईप्रोफाइल था। इसलिए पुलिस ने आनन-फानन में दोनों के मोबाइल सर्विलांस पर डाले और 24 घंटे के अंदर दोनों को सहरसा से बरामद कर लिया। महिला डॉक्टर के पति ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार पत्नी के प्रेमी वकील को घर आने से मना किया, लेकिन वह उसके क्लीनिक जाते ही घर पहुंच जाता था। इस बात को लेकर पत्नी से कई बार उसकी लड़ाई हो गई। पत्नी से लड़ाई के दौरान बच्चे बीच में आकर समझौता कराते थे। इस बार तो पत्नी हद पार करते हुए अपने प्रेमी के साथ भाग निकली। हालांकि पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया है। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।