script20-26 अगस्त तक होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट | Monsoon to show impact again, heavy rain alert issued by IMD for several states from 20-26 August | Patrika News
राष्ट्रीय

20-26 अगस्त तक होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार बरकरार है, तो कई राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने 20-26 अगस्त तक के लिए अलर्ट जारी किया है जिसके अनुसार मानसून एक बार फिर अपना असर दिखाएगा।

भारतAug 20, 2025 / 05:54 pm

Tanay Mishra

Heavy rain alert

Heavy rain alert

मानसून (Monsoon) की देश में एंट्री को डेढ़ महीने से ज़्यादा समय बीत चुका है। इस दौरान देश के कई राज्यों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। कुछ राज्यों में तो ज़्यादा बारिश की वजह से लोगों का बुरा हाल हो गया। कुछ राज्यों में बादल फटने और बाढ़ की वजह से जान-माल का भी नुकसान हुआ। अभी भी कई राज्यों में मानसून की रफ्तार बरकरार है, लेकिन कई राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी हो गई है। इस वजह से तापमान भी बढ़ा है। भले ही मानसून की रफ्तार कई राज्यों में धीमी हो गई है, लेकिन जल्द ही मानसून एक बार फिर अपना असर दिखाएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department – IMD) ने 20-26 अगस्त तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert) जारी किया है।

राजस्थान में मानसून फिर दिखाएगा असर!

राजस्थान में इस बार मानसून सीज़न अच्छा रहा है। मानसून के इस सीज़न में राज्य में अच्छी बारिश हुई है। इससे न सिर्फ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, बल्कि बांधों में पानी का स्तर भी बढ़ गया है। हालांकि पिछले कुछ दिनों से राजस्थान में बारिश नहीं हो रही है, लेकिन जल्द ही यह बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मानसून फिर असर दिखाने वाला है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि राजस्थान में 20 अगस्त से मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार 20-24 अगस्त के दौरान राजस्थान के कई जिलों में बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिन में मौसम बदला है और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 20-26 अगस्त के दौरान दिल्ली में बारिश का सिलसिला ऐसे ही बरकरार रह सकता है। बारिश के साथ तेज़ हवाओं के चलने की भी संभावना है।
Heavy Rain Alert
Heavy Rain

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार 20-26 अगस्त तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश होगी। उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के कई जिलों में अगले 7 दिन रुक-रूककर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। अगले 7 दिन मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी तो कई जिलों में रिमझिम बारिश का अलर्ट है। महाराष्ट्र और गोवा में कई जगह 20-26 अगस्त तक कई जगह अच्छी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और लक्षद्वीप के कई क्षेत्रों में अगले 7 दिन मूसलाधार बारिश तो कई क्षेत्रों में हल्की-मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान यनम और रायलसीमा में भी बारिश का अलर्ट है। 20-26 अगस्त तक मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और नागालैंड के कई जिलों में रुक-रूककर अच्छी बारिश होने का अलर्ट है।

मुंबई में जमकर बरस रहे हैं बादल

हर मानसून की तरह इस बार भी महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जमकर बादल बरस रहे हैं और पिछले कुछ दिनों से तो भारी बारिश का सिलसिला बना हुआ है। इससे लोगों को काफी परेशानी भी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 20-26 अगस्त तक मुंबई में भारी बारिश का सिलसिला ऐसे ही बरकरार रहेगा। साथ ही महाराष्ट्र के कुछ अन्य जिलों में भी इस दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है।

Hindi News / National News / 20-26 अगस्त तक होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

ट्रेंडिंग वीडियो