मीनाक्षी मंदिर के दर्शन
शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, आज मदुरै में प्रतिष्ठित मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने का सौभाग्य मिला। राष्ट्र की निरंतर प्रगति और हमारे नागरिकों की भलाई के लिए मां का आशीर्वाद मांगा।
बैठक में डीएमके पर हमला
इसके बाद अमित शाह ने भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक में डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार के व्यापक भ्रष्टाचार से त्रस्त है। राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और भाजपा को एक विकल्प के रूप में देख रही है। शाह ने कहा, भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के विकसित और समृद्ध तमिलनाडु के विजन को लेकर हर गांव, गली और घर तक पहुंचेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्य में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
केंद्रीय गृह मंत्री ने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, सशक्त महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। मोदी सरकार के लिए मां और मातृभूमि से बढ़कर कुछ नहीं है। उज्ज्वला योजना, ट्रिपल तलाक पर रोक, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और सशस्त्र बलों में महिलाओं की भर्ती जैसे कदम ऐतिहासिक हैं।
चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा
राज्य में पार्टी संगठन को सक्रिय करने और जनता के बीच पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा अब तेजी से बूथ स्तर पर काम शुरू कर चुकी है। अमित शाह की इस यात्रा को तमिलनाडु में भाजपा की चुनावी तैयारियों की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। कोर बैठक में प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।