scriptगर्मी से जल्द मिलेगी राहत! 5 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून | Big update on weather, monsoon will reach Kerala coast 5 days earlier | Patrika News
राष्ट्रीय

गर्मी से जल्द मिलेगी राहत! 5 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून

Monsoon: इस बार मानसून 5 दिन पहले आ रहा है। विभाग के मुताबिक 27 मई को मानसून केरल तट पर पहुंचने की संभावना है। IMD ने रविवार को बिहार के 8 जिलों में लू चलने का संभावना जताई है।

भारतMay 10, 2025 / 04:50 pm

Ashib Khan

Monsoon 2025: मौसम विभाग ने मानसून को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार 5 दिन पहले मानसून आ सकता है। IMD के मुताबिक इस बार समय से पहले ही मानसून केरल तट पर पहुंच सकता है। 27 मई को मानसून पहुंचने की संभावना जताई है। दरअसल, 1 जून को मानसून केरल तट पर पहुंचता है। पांच दिन पहले मानसून आने से चावल, मक्का और सोयाबीन जैसी फसलों की बंपर पैदावार की उम्मीद बढ़ गई है।

1 जून के आसपास आता है मानसून

आमतौर पर 1 जून के आसपास मानसून केरल के तटों पर आता है और जुलाई के मध्य तक पूरे देश में छा जाता है। पिछले साल, मानसून 30 मई को केरल के तट पर पहुंचा था और कुल मिलाकर गर्मियों में बारिश 2020 के बाद से सबसे अधिक थी।

औसत से अधिक होगी बारिश

भारतीय मौसम विभाग ने पिछले महीने 2025 में लगातार दूसरे वर्ष औसत से अधिक मानसूनी बारिश का अनुमान लगाया था। बता दें कि विभाग औसत या सामान्य वर्षा को चार महीने के मौसम के लिए 50 वर्ष के औसत 87 सेमी के 96% से 104% के बीच के रूप में परिभाषित करता है।

गर्मी से मिलेगी राहत

दरअसल, गर्मी बढ़ने की संभावना के बीच जल्दी मानसून आने से लोगों को गर्मी से भी राहत मिलेगी। वहीं पश्चिमी विक्षोभ और अन्य कारणों से उत्तर भारत में होने वाली बारिश के चलते अब तक हीटवेव का प्रकोप भी ज्यादा देखने को नहीं मिला है। 

इन जगहों पर होगी सामान्य से अधिक बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों जैसे क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इसके विपरीत, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित कोर मानसून क्षेत्र बनाने वाले राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। 

बिहार में रविवार को 8 जिलों में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को बिहार के 8 जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक सीतमढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जमुई, बांका, मधुबनी और नवादा में लू चल सकती है। विभाग ने इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

Hindi News / National News / गर्मी से जल्द मिलेगी राहत! 5 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून

ट्रेंडिंग वीडियो