नौतपा में रहता है गर्मी का प्रकोप
आमतौर पर नौतपा के दौरान यूपी में तेज गर्मी का प्रकोप रहता है। तापमान भी 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। लेकिन इस बार मौसम का मिजाज थोड़ा अलग है। चक्रवात शक्ति के कारण इस अवधि में भी आंधी, बारिश और ओले पड़ने की संभावना बनी हुई है। यही वजह है कि तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना कम है, जो आमतौर पर नौतपा में असामान्य माना जाता है।
उत्तर प्रदेश में कब होगी तेज बारिश?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 और 31 मई को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र में आंधी और तेज बारिश की संभावना अधिक जताई जा रही है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
डाॅ. दानिश के अनुसार अरब सागर से आ रही नम हवाओं ने प्रदेश में मॉनसूनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। यदि इसका प्रभाव ऐसे ही बना रहा तो इस बार प्रदेश में मॉनसून सामान्य समय से पहले लगभग 20 जून तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश में कब दस्तक देगा मॉनसून?
मौसम वैज्ञानिक की मानें तो उत्तर प्रदेश में सबसे पहले गोरखपुर जिले में मॉनसून प्रवेश करता है। अगर बंगाल की खाड़ी से आने वाला दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी रफ्तार बनाए रखता है, तो सामान्यतः 18 जून तक मॉनसून की दस्तक हो सकती है। इस बारे में और सटीक जानकारी आने वाले दिनों में दी जा सकेगी। लखनऊ और आसपास के अवध क्षेत्र में सामान्य रूप से मॉनसून जून के आखिरी हफ्ते के आसपास पहुंचता है लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग दिखाई दे रही है। शनिवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम और मौसम में बदलाव की ओर इशारा करता है।