कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ में जमकर गरजे गहलोत, जूली और डोटासरा, कहा- ‘अब सड़क पर उतरने का समय’
Congress Rally: अशोक गहलोत ने कहा कि सभी एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं। लगातार संविधान पर प्रहार हो रहा है। संविधान के प्रावधानों को लगातार खोखला किया जा रहा है। देश में संविधान लागू हुआ तब सबको समानता का अधिकार दिया, लेकिन सत्ता में बैठे लोग आज संविधान को खत्म कर रहे हैं।
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। संविधान बचाने का मुद्दा पूरे देश का है। वे शनिवार को यहां मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जिला शहर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित संविधान बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां दबाव में काम कर रही हैं। लगातार संविधान पर प्रहार हो रहा है। संविधान के प्रावधानों को लगातार खोखला किया जा रहा है। देश में संविधान लागू हुआ तब सबको समानता का अधिकार दिया, लेकिन सत्ता में बैठे लोग आज संविधान को खत्म कर रहे हैं। आज राजस्थान के हालात बेहद खराब हो गए। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। लोगों की आवाज दबाई जा रही है। सरकार को देश की सुरक्षा से कोई मतलब नहीं है।
RSS पर गहलोत का प्रहार
उन्होंने कहा कि संविधान बचाने का मतलब है कि हमें जो वोट की ताकत मिली है वो संविधान से ही है। राहुल गांधी ने देश के सामने संविधान बचाने का आह्वान किया है। भाजपा के पास कहने के लिए कुछ नही है, लेकिन अब 50 साल पूर्व के आपातकाल की बात कर रहे हैं। आपातकाल की वजह से इन्दिरा गांधी की सरकार चली गई, लेकिन बाद में फिर से हमारी आंधी चली… यह लोकतंत्र है। संविधान में इन्दिरा गांधी ने समाजवाद व धर्मनिरपेक्षता को जुड़वाया था। अब RSS इसे हटाने की बात कर रही है। मध्यप्रदेश, कर्नाटक व महाराष्ट्र में सरकार गिरा दी। इनके पास केवल यह काम बचा है कि चुनी हुई सरकार को गिरा दें और स्वयं सत्ता में आकर बैठ जाएं।
संविधान को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा- टीकाराम जूली
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि ये लोग संविधान को तोड़-मरोड़ रहे हैं। एक मामले में राहुल गांधी की सदस्यता तत्काल बर्खास्त कर दी वहीं इनके विधायक बर्खास्त करने के लिए 23 दिन लग गए। प्रदेश की हालत यह है कि किसी के काम नहीं हो रहे हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं डेढ़ साल में वो काम किया जो कांग्रेस ने पांच साल में नहीं किया है। तो इनसे पूछो की क्या काम किया गया है। वो समझ नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने का कार्य सिर्फ बैठकों से नहीं बल्कि सड़कों पर उतरने से होगा।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी हावी है। भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है। लोगों को राहत नहीं मिल रही है। हमारे राजस्थान का तो पाटिया ही साफ हो गया है। एक पर्ची आई और आज भी वो सोचते हैं कि क्या मैं मुख्यमंत्री बन गया। अधिकारियों को छह-छह घंटे तक बंधक बनाकर बैठकें ही करते हैं। संविधान सबसे बड़ा है। इसे बचाने का कार्य राहुल गांधी कर रहे हैं। उनके इस झंडे को लेकर हमें चलना है और संविधान को बचाना है।
हमें मजबूत होना है- डोटासरा
डोटासरा ने कहा कि इनकी कमी ढूंढों, लेकिन हमें हमारी कमियां भी ढूंढनी है, क्योंकि हमें मजबूत होने की आवश्यकता है। हमें गांव ढाणी में बैठे कार्यकर्ता और लोगों को जगाना है। उनके पास जाकर उनकी तकलीफ जानकर उनकी सहायता करना है। तभी हम सफल हो पाएंगे।
इन्होंने भी किया संबोधित
सभा को एआईसीसी के प्रभारी रितिक मकवाना, पीसीसी से प्रभारी विक्रम शेखावत, संविधान बचाओ रैली के प्रभारी राम सहाय बाजवा सहित कांग्रेस के बड़े नेताओं ने भी संबोधित किया। सभा में पूरे जोधपुर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि संविधान बचाओ रैली का आयोजन आवश्यकता है।