scriptझुंझुनूं के जंगलों से आई गुड न्यूज, पैंथरों की संख्या बढ़कर 17 हुई | Good news came from the forests of Jhunjhunu, the number of panthers increased to 17 | Patrika News
झुंझुनू

झुंझुनूं के जंगलों से आई गुड न्यूज, पैंथरों की संख्या बढ़कर 17 हुई

जिले के जंगलों में पैंथरों की संख्या बढ़कर सत्रह हो गई है। दस पैंथर उदयपुरवाटी के मनसा क्षेत्र में नजर आए जबकि सात पैंथर खेतड़ी क्षेत्र में नजर आए।

झुंझुनूJun 13, 2025 / 11:11 pm

Rajesh

jhunjhunu news

झुंझुनूं के मनसा माता क्षेत्र में पानी पीने आया पैंथर।

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के जंगलों से गुड न्यूज आई है। एक साल 2025 में लगभग सभी वन्य जीवों की संख्या बढ़ी है। जिले के जंगलों में पैंथरों की संख्या बढ़कर सत्रह हो गई है। दस पैंथर उदयपुरवाटी के मनसा क्षेत्र में नजर आए जबकि सात पैंथर खेतड़ी क्षेत्र में नजर आए। पिछली गणना में इनकी संख्या तेरह थी। इस दौरान कई पैंथरों की भूख, बीमारी व अन्य कारणों से मौत भी हो गई। इसके बावजूद चार पैंथर बढ़ गए हैं। कई पैंथर कैमरों में नजर आए हैं तो कईयों को वन कर्मियों ने अपनी आखों से पानी पीते हुए देखा है। वहीं राष्ट्रीय पक्षी मोर, सियार, जरख, चिंकारा व काले हरिणों की संख्या भी बढ़ी है। वन विभाग के उप वन संरक्षक आदूराम सियोल ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे शुरू हुई वन्य जीवों की गणना गुरुवार सुबह आठ बजे पूरी हो गई। पैंथरों की बढ़ती संख्या से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कुल वन्य जीवों की संख्या बढ़ी है। यह शुभ संकेत है।

सभी वन्यजीवों की संख्या में हुई बढ़ोतरी

खेतड़ी @पत्रिका. वाटर होल पद्धति के माध्यम से चयनित 25 वाटर होल्स पर की गई वन्य जीव गणना में पैंथर सहित लगभग सभी वन्यजीवों की संख्या में वर्ष 2024 की तुलना में बढ़ोतरी हुई है। क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित सैनी ने बताया कि इनमें पैंथर सात, गीदड़ 1119,लोमड़ी 270 ,बिल्ली 75, मरू बिल्ली 14, भेडिया 5 ,रोजड़ा 2039, चिंकारा 299, मोर 2251, काला तीतर 1617 सहित कुल 8519 वन्य जीवों की गणना की गई। इनमें गत वर्ष की तुलना में एक पैंथर व 44 चिंकारा सहित लगभग सभी वन्यजीवों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

जिला पक्षी काला तीतर का बढ़ा कुनबा

वैशाख पूर्णिमा को होने वाली वन्य जीव गणना इस बार जेष्ठ मास की पूर्णिमा पर हुई। बुधवार को प्रात 8 बजे से शुरू हुई वन्य जीव गणना व शुक्रवार को प्रातः 8 बजे समाप्त हुई। क्षेत्रीय वन अधिकारी उदयपुरवाटी इंद्रपुरा धर्मवीर मील ने जानकारी देते हुए बताया कि उदयपुरवाटी इंद्रपुरा वन क्षेत्र में वन्य जीव गणना में 16 वाटर होल प्वाइंटों पर 3135 वन्यजीवों की गणना की गई जो पिछले वर्ष की तुलना में 254 अधिक है । क्षेत्रीय वन अधिकारी मील ने जानकारी देते हुए बताया कि वन्य जीव गणना में 10 पैंथर, 258 जिला पक्षी काला तीतर, 273 गीदड़,49 भेड़िया,36 जरख,145 जंगली बिल्ली , 445 नीलगाय, 698 लंगूर, 576 राष्ट्रीय पक्षी मोर,सांभर 20, कब्र बिज्जू 5, जंगली सूअर 46, लोमड़ी 110 सहित अन्य वन्य जीव देखे गए। सभी वन्य जीवों के कुनबे में बढ़ोतरी हुई है। वहीं कोट बांध में दिखने वाले गोडावण व सारस इस वर्ष भी नहीं दिखे। वन्य जीव गणना में 10 पैंथर देखे गए। मंडावरा सड़क खोह व बिहारी जी की जोहड़ी में 2- 2 व कोटबांध, कदमकुंड छापोली, कालीबेरी, किरावंडा कुंड भोजगढ़ में एक – एक पैंथर देखा गया। कहीं शिकार करते तो कहीं अठखेली करते दिखे पैंथर।

कुल वन्य जीव

2025 -19097

2024 -17004

बढ़े 2093

वन्यजीव वर्ष 2024 वर्ष 2025 

पैंथर 13 17

सियार गीदड़ 1219 1437

जरख 84 92

जंगली बिल्ली 394 443
मरू बिल्ली 54 61

लोमड़ी 412 441

मरू लोमड़ी 27 36

भेडिया 62 66

सांभर 16 20

काला हरिण 65 91

चिंकारा 538 647

मोर 5621 5696

Hindi News / Jhunjhunu / झुंझुनूं के जंगलों से आई गुड न्यूज, पैंथरों की संख्या बढ़कर 17 हुई

ट्रेंडिंग वीडियो