अहमदाबाद में गुरुवार को प्लेन क्रैश में ग्वालियर के मेडिकल छात्र आर्यन राजपूत की भी मौत हो गई थी। शनिवार को सुबह जिगसौली में उनका अंतिम संस्कार किया गया। आर्यन को मुखाग्नि उनके चचेरे भाई मोहित ने दी।
सुबह जब घर से आर्यन की अर्थी उठी तो पूरा गांव गमगीन हो गया। परिजनों का तो रो रोकर बुरा हाल हो गया। आर्यन की मौत का पिता को गहरा सदमा लगा है। उनकी तबियत बिगड़ गई है।
रात एक बजे आया शव
आर्यन के घर में दो भाई और एक बहिन है। इनमें आर्यन सबसे छोटा था। शुक्रवार- शनिवार की रात को एक बजे अहमदाबाद पुलिस पुरानी छावनी थाना में शव लेकर पहुंची। इसके बाद परिवार को उनका शव सुपुर्द किया गया। सुबह 8 बजे के आसपास गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। शव आने की बात जिसने सुनी वही आर्यन के दुखी परिवार के बीच पहुंच गया। अंतिम संस्कार के समय काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई राजनेता भी अंतिम संस्कार में पहुंचे।
अहमदाबाद में मेडिकल कॉलेज के हास्टल पर प्लेन क्रैश हादसे में जिगसौली (पुरानी छावनी) निवासी रामहेत राजपूत के बेटे आर्यऩ की भी मौत हुई। आर्यन सिंह अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कालेज में एमबीबीएस में प्रथम वर्ष का छात्र था। जिगसौली गांव निवासी भीकम सिंह बताते हैं, आर्यन रिश्ते में चचेरा भाई था। उसकी मौत से गांव में मातम पसरा है।
ऑनलाइन पढ़ाई से पास की नीट परीक्षा
जिगसौली के रहवासियों का कहना है आर्यन पढ़ाई में होशियार था। उसने ऑनलाइन नीट की परीक्षा की तैयारी की थी और परीक्षा पास की। इस आधार पर उसे अहमदाबाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिला था। आर्यन की मौत के साथ ही परिजनों के सपने भी चूर हो गए।