शुभमन गिल ने भारतीय कप्तान के रुप में सबसे बड़ी पारी खेल दी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2019 में पुणे में खेले गए टेस्ट में नाबाद 254 रन की पारी खेली थी। गिल अब 260 रन बनाकर नाबाद हैं और वह भारतीय कप्तान द्वारा टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल की यह लगातार दूसरी 100 प्लस इनिंग है। इससे पहले उन्होंन लीड्स टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाया था। गिल का इस दौरे से पहले विदेशों में काफी शर्मनाक रिकॉर्ड था। लेकिन इस सीरीज की डेढ़ पारियों में ही गिल ने कहानी के साथ इतिहास को बदल दिया है।
कल से नाबाद हैं शुभमन गिल
दिन के खेल शुरुआत में रवींद्र जडेजा 41 और शुभमन गिल 114 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों ने दूसरे दिन इंग्लिश गेंदबाजों को जमकर परेशान किया और टीम को 400 के पार पहुंचाया। रवींद्र जडेजा 89 रन बनाकर आउट हो गए और अपने शतक से चूक गए। इसके बाद गिल को वाशिंगटन सुंदर का साथ मिला और दोनों ने टीम को पहले 500 और फिर 550 के पार पहुंचाया। सुंदर जो रुट की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। यहां से भारतीय टीम 600 के आसपास का स्कोर खड़ा कर सकती है।