85 प्रतिशत बारिश के आसार
मुंबई इंडियंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स के मैच के दौरान मौसम विभाग ने बारिश की 85 प्रतिशत संभावना जताई है। अब इस बात पर अनिश्चितता है कि मैच होगा भी या नहीं? इसके साथ ही डीएलएस सिस्टम समीकरण में आ गया है। मुंबई पहले ही एक बार जीटी के खिलाफ मौसम के विपरीत खेल चुका है, जब कटऑफ समय से कुछ मिनट पहले बारिश रुक गई थी, जिससे डीएलएस का लाभ नहीं मिल सका था।
मुंबई इंडियंस का गणित
मैच बारिश से रद्द हुआ तो मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स दोनों का ही समीकरण बेहद दिलचस्प हो जाएगा, क्योंकि इन दोनों टीमों को ही पंजाब किंग्स के खिलाफ एक-एक मैच खेलने हैं, जो कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जाने हैं। मैच रद्द होने पर मुंबई इंडियंस को ज्यादा फायदा हो सकता है, क्योंकि उसका एक अंक ज्यादा है। वह 14 अंक के साथ फिलहाल चौथे पायदान पर है। मैच धुलने पर उसके 15 अंक हो जाएंगे और वह पंजाब से हार भी जाती है तो भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है, क्योंकि उसका नेट रन रेट काफी अधिक है। मुंबई का नेट रन रेट सबसे ज्यादा +1.156 का है।
दिल्ली कैपिटल्स के समीकरण
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो उसका मुंबई के खिलाफ मैच रद्द होने पर प्लेऑफ में पहुंचने के चांस न के बराबर हैं, क्योंकि इसके बाद दिल्ली की टीम पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज कर भी लेती है तो वह 15 अंक तक ही पहुंच पाएगी और ऐसे में नेट रन रेट मुंबई से कम होने पर वह बाहर हो सकती है। दिल्ली का नेट रन रेट फिलहाल +0.260 का है। ऐसे में उसे पंजाब के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी और मुंबई के पंजाब से बड़े अंतर से हारने की दुआ करनी होगी।