डाइव लगाते हुए वोक्स हुए चोटिल
भारतीय पारी के 57वें ओवर के दौरान जिसे जेमी ओवरटन की गेंद पर करुण नायर ने बेहतरीन शॉट लगाया, गेंद सीधा मिड ऑफ पर सीमा रेखा के पास गई। वोक्स ने इसे दौड़ते हुए रोकने की कोशिश की और डाइव लगाई। लेकिन डाइव के दौरान वोक्स को कंधे में चोट लग गई। जिसकी वजह से वह बाउंड्री रोप के दूसरी साइड कंधा पकड़कर बैठ गए। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए और वोक्स को बाहर ले गए।
इंग्लैंड की चिंताएं बढ़ीं, ऑलराउंड भूमिका में थे वोक्स
अब तक इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड या टीम मैनेजमेंट की ओर से क्रिस वोक्स की इंजरी पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है। लेकिन जिस तरह से वह मैदान से बाहर गए, उससे इंग्लैंड के फैंस जरूर चिंतित होंगे। क्रिस वोक्स टीम के लिए गेंद और बल्ले दोनों से उपयोगी साबित होते रहे हैं। ऐसे में उनका बाहर जाना इंग्लैंड के लिए डबल ब्लो हो सकता है। उन्होंने मैच में अब तक 14 ओवर में गेंदबाज़ी की है और 1 विकेट भी लिया है।
ओवल टेस्ट के पहले दिन का हाल –
इस टेस्ट मैच का पहला दिन बारिश से प्रभावित रहा और सिर्फ 64 ओवर का खेल ही हो सका। इंग्लैंड के कप्तान ओली पोप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने लंच तक दो विकेट खोकर 72 रन बना लिए। लंच के समय साई सुदर्शन 25 और कप्तान शुभमन गिल 15 रन बनाकर क्रीज पर थे। लेकिन इसके बाद भारत को एक के बाद एक चार झटके लगे। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 6 विकेट पर 204 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर करुण नायर 52 और वॉशिंगटन सुंदर 19 रन बनाकर टिके हुए हैं। यशस्वी जायसवाल (2), केएल राहुल (14), शुभमन गिल, साई सुदर्शन (38), रवींद्र जडेजा (9) और ध्रुव जुरेल (19) जैसे बल्लेबाजों ने निराश किया। वहीं इंग्लैंड की तरफ से गस एटकिंसन और जोश टंग ने दो-दो विकेट लिए।