लोकसभा और राज्यसभा बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। विपक्षी सांसदों के हंगामे की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई। सदन की कार्यवाही स्थगित हो जाने पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने चौहान ने विपक्षियों पर गुस्सा जताया। उन्होंने विपक्षी सांसदों पर किसानों व गांव के मुद्दे पर चर्चा से भागने का गंभीर आरोप लगाया।
विपक्ष अनावश्यक हंगामा कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा नहीं होने दे रहा
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में ट्वीट भी किया। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा- आज संसद में कृषि और किसान तथा ग्रामीण विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा होनी थी। प्रश्नकाल में 11 सवाल किसानों और गांव के थे। लेकिन ये बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष अनावश्यक हंगामा कर इन महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा नहीं होने दे रहा है। संसद लोकतंत्र का पवित्र मंदिर है। विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा ही लोकतंत्र के प्राण हैं। लेकिन विपक्ष ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन नहीं किया और साथ ही देश के करोड़ों किसानों का भी अनादर किया।
मैं विपक्ष से प्रार्थना करता रहा कि किसान कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा होने दें। हम सवालों के जवाब देने के लिए तैयार थे और सदन के माध्यम से किसान कल्याण की योजनाएं भी रखना चाहते थे; लेकिन विपक्ष नहीं चाहता चर्चा हो।
देश देख रहा है कि कौन किसानों के साथ खड़ा है और किसका मकसद सिर्फ हंगामा खड़ा करना है।