scriptनगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा का दबदबा, छह में पांच सीटों पर जमाया कब्जा, सपा को एकमात्र सीट | Patrika News
बरेली

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा का दबदबा, छह में पांच सीटों पर जमाया कब्जा, सपा को एकमात्र सीट

नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में एक बार फिर भाजपा ने अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाया। गुरुवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सभी छह कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जिनमें से पांच भाजपा के और एक सपा से है। इस जीत के साथ नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा की सदस्य संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि सपा के दो पार्षद कार्यकारिणी में बने हुए हैं।

बरेलीJun 26, 2025 / 01:28 pm

Avanish Pandey

कार्यकारिणी सदस्यों के साथ मेयर और नगर आयुक्त (फोटो सोर्स: पत्रिका)

बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में एक बार फिर भाजपा ने अपनी राजनीतिक ताकत का लोहा मनवाया। गुरुवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सभी छह कार्यकारिणी सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जिनमें से पांच भाजपा के और एक सपा से है। इस जीत के साथ नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा की सदस्य संख्या बढ़कर 10 हो गई है, जबकि सपा के दो पार्षद कार्यकारिणी में बने हुए हैं।
गुरुवार सुबह 11 बजे नगर निगम सभागार में मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की मौजूदगी में चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। सर्वप्रथम 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में से छह सदस्यों को बाहर करने के लिए पर्ची निकालने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसमें जिन सदस्यों के नाम निकले, वे इस प्रकार हैं — सलीम पटवारी, सर्वेश रस्तोगी, गरिमा, नीरज, सौरव कुमार और सागर मौर्य।
इनके बाहर होने के बाद रिक्त हुई छह सीटों के लिए नामांकन हुआ। भाजपा की ओर से वार्ड 38 से हर्ष कुमारी, वार्ड 43 से पूनम राठौर, वार्ड 72 से मुकेश सिंघल, और वार्ड 23 से सतीश कातिब ने पर्चा दाखिल किया, जबकि सपा की ओर से वार्ड 73 से गुल बशर मैदान में थे। सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेयर उमेश गौतम ने सभी नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और नगर निगम के सुचारु संचालन में उनके योगदान की आशा जताई। सभागार में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने जीत का जश्न मनाया और मिठाई बांटी। इस चुनाव परिणाम ने नगर निगम में भाजपा की पकड़ को और मजबूत कर दिया है। अब कुल 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में भाजपा के 10 पार्षद हैं, जबकि विपक्ष को केवल एक सीट से संतोष करना पड़ा।

Hindi News / Bareilly / नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में भाजपा का दबदबा, छह में पांच सीटों पर जमाया कब्जा, सपा को एकमात्र सीट

ट्रेंडिंग वीडियो