scriptअंतरिक्ष स्टेशन के रूसी खंड में रिसाव की समस्या हल होने तक एक्सिओम-4 मिशन स्थगित | Patrika News
बैंगलोर

अंतरिक्ष स्टेशन के रूसी खंड में रिसाव की समस्या हल होने तक एक्सिओम-4 मिशन स्थगित

नासा और रॉस्कॉस्मोस के वैज्ञानिक कर रहे विसंगति दूर करने के प्रयास
मिशन की सुरक्षा पहली प्राथमिकता: इसरो

बैंगलोरJun 16, 2025 / 07:57 pm

Rajeev Mishra

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आइएसएस) के पिछले खंड में वायु रिसाव और दबाव की समस्या के चलते अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने एक्सिओम-4 मिशन स्थगित कर दिया है। इस मिशन के तहत भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला को तीन अन्य अंतरिक्षयात्रियों के साथ अंतरिक्ष स्टेशन पर जाना था।
अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी ने एक बयान जारी कर कहा कि नासा और एक्सिओम स्पेस, अंतरिक्ष स्टेशन पर चौथे निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन (एक्सिओम-4) को स्थगित कर रहे हैं। नई तिथि उपलब्ध होने पर मिशन लांच होगा। दरअसल, अंतरिक्ष स्टेशन का पिछला खंड रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रॉस्कॉस्मोस का ज्वेज्दा मॉड्यूल है। वर्ष 2023 से ही इस खंड में दरारें (4 दरारें) देखी गई थीं और कुछ हिस्सों में वायु रिसाव की समस्या सामने आई है। समस्या वाले कुछ क्षेत्रों को वैज्ञानिकों ने सील कर दिया गया है, लेकिन नासा को कुछ और विसंगतियों के संकेत मिले हैं। दोनों अंतरिक्ष एजेंसियां इस समस्या के हल के लिए प्रयास कर रही हैं।

इसरो कर रहा पूरा सहयोग

इस बीच एक्सिओम-4 मिशन को सुरक्षा और अंतरिक्ष स्टेशन की अखंडता को ध्यान में रखते हुए स्थगित कर दिया गया है। इसरो अध्यक्ष वी नारायणन ने कहा कि पहली प्राथमिकता अंतरिक्षयात्रियों की सुरक्षा है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के ज्वेज्दा मॉड्यूल में आई समस्या का जिम्मेदारीपूर्वक हल करने के लिए इसरो, नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स के साथ मिलकर काम कर रहा है। इसके कारण एक्सिओम मिशन 4 (एक्स-4) में देरी हो रही है।

फिलहाल अंतरिक्ष स्टेशन में परिचालन सामान्य

नासा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों ने ज्वेज्दा मॉड्यूल की आंतरिक सतहों का निरीक्षण किया और कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों को सील किया। इसके बाद वर्तमान रिसाव दर को मापा गया। इन प्रयासों से खंड में दबाव स्थिर है। एक्सिओम मिशन 4 के स्थगन से नासा और रॉस्कॉस्मोस को स्थिति का मूल्यांकन करने का अतिरिक्त समय मिलेगा। दोनों अंतरिक्ष एजेंसियां यह देख रही हैं कि क्या समस्या निवारण के लिए कोई अतिरिक्त उपाय आवश्यक है।

रूसी खंड में पहुंच प्रतिबंधित

नासा ने यह भी कहा है कि अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद चालक दल के सभी सातों यात्री सुरक्षित हैं और अंतरिक्ष स्टेशन के अमरीकी खंड में हैं। रिसाव और जोखिम बढऩे से रूसी मॉड्यूल तक पहुंच प्रतिबंधित किया गया है। इस मॉड्यूल का हैच अब केवल महत्वपूर्ण संचालन के दौरान ही खोला जाता है। अंतरिक्ष स्टेशन का परिचालन सामान्य रूप से हो रहा है। गौरतलब है कि नासा की योजना वर्ष 2030 तक अंतरिक्ष स्टेशन का परिचालन जारी रखना है। उसके बाद निजी कंपनियों के विकसित किए जा रहे अंतरिक्ष स्टेशन परिचालित होंगे। हालांकि, यह तय नहीं है कि वर्तमान अंतरिक्ष स्टेशन का परिचालन बंद होने तक निजी क्षेत्र का स्टेशन तैयार हो जाएगा या नहीं।

Hindi News / Bangalore / अंतरिक्ष स्टेशन के रूसी खंड में रिसाव की समस्या हल होने तक एक्सिओम-4 मिशन स्थगित

ट्रेंडिंग वीडियो