जानकारी के अनुसार मृतक लोकेश रविवार शाम को ससुराल से घर आया था। इसके अगले दिन सुबह करीब 9 बजे उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगी ली, जिसे परिजन इलाज के लिए सामान्य अस्पताल लेकर गए। जहां से उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर आए। इस बीच रात करीब 12 बजे अचानक तबीयत खराब होने के बाद सुबह साढ़े तीन बजे उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई भूपेन्द्र ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि उसके छोटे भाई लोकेश ने अज्ञात कारणों के चलते खुद को आग लगा ली। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
आग से 60 प्रतिशत शरीर झुलसा
जानकारी के अनुसार आग से मृतक का चेहरा, दोनों हाथ, पेट व सीना और पीठ का करीब 50 से 60 प्रतिशत हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया था। पुलिस के अनुसार युवक की मौत की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। उसने किन कारणों से आत्मदाह किया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।