scriptवाट्सऐप ग्रुप से उपभोक्ताओं की समस्याओं का हो रहा समाधान, विभाग के अधिकारी भी सक्रिय | Patrika News
अलवर

वाट्सऐप ग्रुप से उपभोक्ताओं की समस्याओं का हो रहा समाधान, विभाग के अधिकारी भी सक्रिय

ग्रुप में इन विभागों से सम्बंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान रहने से उपभोक्ताओं को उपयोगी साबित हो रही है।

अलवरJun 19, 2025 / 04:26 pm

Ramkaran Katariya

कठूमर. उपखंड मुख्यालय पर जयपुर विद्युत वितरण निगम व जलदाय विभाग की ओर से बिजली-पानी की समस्या को लेकर वाट्सऐप ग्रुप चला रखा है। इन ग्रुपों में इन विभागों के कर्मचारी से लेकर अधिकारी व उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। ग्रुप में इन विभागों से सम्बंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान रहने से उपभोक्ताओं को उपयोगी साबित हो रही है। इससे समस्या का समाधान त्वरित हो रहा है।बिजली निगम की ओर से छह साल पहले 2019 में वाट्सऐप ग्रुप की शुरुआत की थी। कस्बे में दो फीडर बना रखे हैं। सिटी के किसी फीडर की बिजली सप्लाई बाधित होती है तो अनेक उपभोक्ताओं को बिजली बंद रहने की जानकारी नहीं हो पाती और बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को फोन करते रहते हैं। इस दौरान कार्मिक व अधिकारी व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगे रहते हैं। उस समय फोन नहीं उठाने पर अथवा मोबाइल व्यस्त रहने पर जवाब नहीं दे पाते। जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी के साथ आक्रोश भी बढ़ जाता है। उपभोक्ताओं को समय पर बिजली की सूचना मिलती रहे, इसे लेकर कठूमर में बिजली की समस्याएं नाम से ग्रुप संचालित किया जा रहा है। यह ग्रुप बिजली कटौती, शटडाउन, बिजली के बिलों की जानकारी, काम करने में लगने वाला समय सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को आमजन से साझा करने का एक त्वरित और प्रभावी तरीका है। इसके अलावा जलदाय विभाग का भी सोशल मीडिया पर स्थानीय ग्रुप संचालित है। ग्रुप के माध्यम से उपभोक्ताओं को पानी की सप्लाई का समय, सप्लाई नहीं आने का कारण, लाइनों में लीकेज, ड्यूटी टाइम आदि की सटीक जानकारी मिलती है।
…………

यह बोले लोग

इस ग्रुप में जेजेएम के ठेकेदार, अधिकारी, विभागीय कर्मचारी सहित कस्बे के उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। ये दोनों ग्रुप लोगों की समस्यायों के समाधान में विशेष उपयोगी साबित हो रहे हैं। अधिकांश समस्याओं का समाधान ग्रुप के माध्यम से हो जाता है। ऐसे में बहुत कम उपभोक्ता सिटी के कार्यालय में चक्कर लगाते हैं।
गगन खंडेलवाल निवासी कठूमर

…….

इन ग्रुपों में दोनों विभागों के जिम्मेदार अधिकारी जुड़े हुए हैं। समस्याओं पर उनकी निगाह बनी रहती हैं। ऐसे में ग्रुप में डाली समस्याओं के समाधान की संभावना काफी हद तक बढ़ जाती है।
अनिल कूलवाल निवासी मसारी रोड कठूमर।

…………….

व्हाट्सऐप ग्रुप का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान ढीले तारों, हाई रिस्क प्वाइंट की सूचना प्राप्त होने, बिजली सप्लाई सुचारू रखने, कटौती की समस्याएं के अलावा शटडाउन लिया जाता है तो ग्रुप के माध्यम से उस फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को सूचना दे दी जाती है।कृष्ण गोपाल शर्मा एईएन बिजली निगम
…………….

.जलदाय विभाग के ग्रुप में सम्बंधित कर्मचारी का ड्यूटी चार्ट डाल दिया जाता है। ऐसे में उपभोक्ता ड्यूटीरत कर्मचारी से सम्पर्क में रहते हैं। हमारी भी निगाह समस्यायों व उनके समाधान पर बनी रहती है। ग्रुप में साझा की जाने वाली जानकारी से हमें उनके समाधान में मदद मिलती है।
गिर्राज प्रसाद मीणा सहायक अभियंता पीएचईडी विभाग कठूमर।

Hindi News / Alwar / वाट्सऐप ग्रुप से उपभोक्ताओं की समस्याओं का हो रहा समाधान, विभाग के अधिकारी भी सक्रिय

ट्रेंडिंग वीडियो