scriptभिवाड़ी का सफाई बजट हो जाएगा 248 करोड़, अब अलवर की भी तैयारी, यहां 300 करोड़ पार जा सकता | Patrika News
अलवर

भिवाड़ी का सफाई बजट हो जाएगा 248 करोड़, अब अलवर की भी तैयारी, यहां 300 करोड़ पार जा सकता

– भिवाड़ी नगर परिषद ने निविदा करने के लिए डीएलबी को लिखा पत्र, मांगी अनुमति – अलवर नगर निगम से भी डीएलबी ने सफाई व्यवस्था का पूरा खाका मांगा, हो रहा मंथन – सवाल : आबादी वही, वार्ड वही, फिर बजट ढाई गुना बढ़ाने की क्या जरूरत, एक्सपर्ट भी सहमत नहीं Alwar : इस समय […]

अलवरJun 08, 2025 / 10:24 am

susheel kumar

– भिवाड़ी नगर परिषद ने निविदा करने के लिए डीएलबी को लिखा पत्र, मांगी अनुमति

– अलवर नगर निगम से भी डीएलबी ने सफाई व्यवस्था का पूरा खाका मांगा, हो रहा मंथन

– सवाल : आबादी वही, वार्ड वही, फिर बजट ढाई गुना बढ़ाने की क्या जरूरत, एक्सपर्ट भी सहमत नहीं
Alwar : इस समय पूरे प्रदेश में भिवाड़ी का प्रस्तावित सफाई बजट चर्चा में है। इसे ढाई गुना बढ़ाकर 7 साल के लिए 248 करोड़ किया जा रहा है। डीएलबी से बाकायदा निविदा निकालने की गुहार की गई है। वहीं, अब अलवर का सफाई बजट भी 300 करोड़ तक सात साल के लिए किया जा सकता है। डीएलबी ने नगर निगम से सफाई व्यवस्था का पूरा खाका मांगा है। निगम दो से चार दिन में यह पूरी रिपोर्ट डीएलबी को भेज देगा। एक्सपर्ट का मानना है कि सफाई के नाम पर बजट बढ़ाना ठीक नहीं। जहां जरूरत हो, वहीं पर खर्च होना चाहिए। यह राशि दूसरे कामों पर लगाई जानी चाहिए। कुछ नेता भी भिवाड़ी के बजट को लेकर नाराज हैं। वहीं अलवर में भी इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सफाई व्यवस्था में सुधार जरूरी, पर बजट ढाई गुना समझ से परे

भिवाड़ी ने वर्ष 2025-26 का सफाई बजट सालाना 15 करोड़ रखा था, लेकिन इसी बीच नगर परिषद प्रशासक व नगर निगम कमिश्नर ने डीएलबी को एक पत्र लिखा। शहर की समुचित सफाई के लिए सालाना बजट बढ़ाकर 35.51 करोड़ करने की संस्तुति की है, जो सात साल के लिए है। इस अवधि में करीब 248 करोड़ रुपए खर्च होंगे। नगर निगम अलवर से रिटायर्ड इंजीनियर विवेक सिंह कहते हैं कि भिवाड़ी की आबादी करीब 6 लाख है। वार्ड भी 65 ही हैं। काफी समय से सफाई की व्यवस्था चली आ रही है, फिर अचानक इतनी मोटी रकम खर्च करने का औचित्य समझ नहीं आता। अभी वहां चार से पांच फर्म सफाई व्यवस्था में लगी हैं। यदि किसी चहेती फर्म को फिट किया गया, तो मनमानी होगी। जयपुर में 8 विधानसभाओं का सफाई बजट भी इतना नहीं है। इसके अलावा अन्य शहरों से भी तुलना करें तो यह ज्यादा है। इस पर विचार होना चाहिए।
जरूरत जितना खर्च हो, बाकी रकम दूसरे प्रोजेक्ट पर लगाएं

अलवर का सफाई बजट प्रतिमाह करीब सवा करोड़ है। इस तरह सालाना 15 करोड़ रुपए खर्च होते हैं। अलवर की आबादी भी नए परिसीमन को मिलाकर करीब 5 लाख होगी। 65 वार्ड हैं। इस राशि में शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर हो रही है। अतुल्य अलवर अभियान के तहत मुख्य मार्ग भी ठीक हुए हैं। यदि भिवाड़ी का मॉडल यहां लागू किया गया, तो यही बजट 300 करोड़ तक पहुंच जाएगा, जो 7 साल के लिए होगा। यूआईटी से रिटायर्ड इंजीनियर प्रमोद शर्मा के मुताबिक, सफाई के लिए जरूरी संसाधन खरीदे जा सकते हैं, लेकिन अचानक सफाई का बजट बढ़ाना ठीक नहीं है। कचरा निस्तारण प्लांट आज तक चालू नहीं हो पाया। केवल निगम जैसे-तैसे चला रहा है, जबकि पूर्व में राशि भी दी जा चुकी है। ऐसे में पैसे का सदुपयोग जरूरी है। अलवर का सफाई मॉडल बेहतर और होना चाहिए, लेकिन यह राशि बढ़ाने से होगा, यह समझ से परे है।
इंटीग्रेटेड कचरा संग्रहण एवं निस्तारण के लिए दो चरण में टेंडर होंगे, बीडा, आरएचबी और रीको के क्षेत्र में भी परिषद की ओर से सफाई की जाएगी।

– मुकेश चौधरी, आयुक्त, नगर परिषद भिवाड़ी
शहर की सफाई व्यवस्था के बजट को लेकर डीएलबी से सूचना मांगी गई है। इसका खाका तैयार किया जा रहा है। जल्द रिपोर्ट भिजवाई जाएगी।

– जीतेंद्र नरूका, आयुक्त, नगर निगम अलवर

मुझे जनता से ही जानकारी मिली है कि करीब 300 करोड़ का सफाई बजट भिवाड़ी के लिए तैयार हो रहा है। मेरे अनुसार जनता का पैसा सोच समझकर लगाना चाहिए।
– महंत बालक नाथ, तिजारा विधायक

सफाई की व्यवस्था कांग्रेस सरकार ने बेहतर कर दी थी। उसी के तहत कार्य हो रहे हैं। सफाई का बजट बढ़ाने की नहीं, इच्छाशक्ति की जरूरत है। जनता का पैसा बर्बाद नहीं करना चाहिए। भाजपा राज में खर्च बढ़ाया जा रहा है।
– टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा

Hindi News / Alwar / भिवाड़ी का सफाई बजट हो जाएगा 248 करोड़, अब अलवर की भी तैयारी, यहां 300 करोड़ पार जा सकता

ट्रेंडिंग वीडियो