scriptगुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय में छात्रों ने तो सामान्य संकाय में छात्राओं ने मारी बाजी | Gujarat Education Board: Boys outperformed in 12th Science stream, girls outperformed in General stream | Patrika News
अहमदाबाद

गुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय में छात्रों ने तो सामान्य संकाय में छात्राओं ने मारी बाजी

-12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 83.51 प्रतिशत, सामान्य संकाय का परिणाम 93.07 फीसदी

अहमदाबादMay 05, 2025 / 06:06 pm

nagendra singh rathore

GSEB 12th science result
Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की ओर से फरवरी-मार्च महीने में ली गई 12वीं विज्ञान, सामान्य दोनों ही संकाय की बोर्ड परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया।
गांधीनगर में शिक्षामंत्री डॉ.कुबेर डिंडोर और शिक्षा राज्यमंत्री प्रफुल पानशेरिया ने परिणाम की घोषणा की।उन्होंने बताया कि 12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 83.51 प्रतिशत रहा, जबकि 12वीं सामान्य संकाय का परिणाम 93.07 प्रतिशत रहा। 12वीं विज्ञान संकाय में छात्रों ने जबकि 12वीं सामान्य संकाय में छात्राओं ने बाजी मारी है। विज्ञान संकाय में छात्रों का परिणाम 83.79 प्रतिशत जबकि छात्राओं का परिणाम 83.20 प्रतिशत रहा। सामान्य संकाय में छात्रों का परिणाम 90.78 प्रतिशत, जबकि छात्राओं का परिणाम 95.23 प्रतिशत रहा।
12वीं विज्ञान संकाय में मोरबी जिला लगातार दूसरी साल अव्वल रहा। जिले का परिणाम 92.91 प्रतिशत रहा, जबकि 12वीं सामान्य संकाय में बनासकांठा जिला 97.20 फीसदी परिणाम के साथ राज्य में नंबर एक पर रहा। 12वीं विज्ञान संकाय में जहां गोंडल परीक्षा केन्द्र का परिणाम 96.60 फीसदी के साथ सबसे ज्यादा रहा, वहीं 12वीं सामान्य संकाय में छह परीक्षा केन्द्रों सप्रेडा, वांगध्रा, छाला, लिम्बोद्रा, मीठापुर का परिणाम 100 फीसदी रहा।
जीएसईबी की ओर से फरवरी-मार्च 2025 में 152 केन्द्रों से ली गई 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा में 100725 पंजीकृत नियमित विद्यार्थियों में से 100575 उपस्थित रहे, जिसमें से 83987 उत्तीर्ण हुए। परिणाम 83.51 प्रतिशत रहा। ए ग्रुप 91.90 प्रतिशत परिणाम के साथ अव्वल रहा। बी ग्रुप का परिणाम 78.74 प्रतिशत रहा, जबकि एबी ग्रुप का परिणाम 73.68 प्रतिशत रहा।फरवरी-मार्च माह में 516 केन्द्रों से ली गई 12वीं सामान्य संकाय की परीक्षा में 364485 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 362506 ने परीक्षा दी, जिसमें से 337387 विद्यार्थी पास हुए हैं। परिणाम 93.07 प्रतिशत रहा।

विज्ञान संकाय में ए 1 ग्रेड वाले घटे, सामान्य संकाय में बढ़े

12वीं विज्ञान संकाय में बीते साल की तुलना में इस साल ए 1 ग्रेड के साथ उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या घटी है। इस साल 831 विद्यार्थियों ने ए 1 ग्रेड पाई, 2024 में 1034 विद्यार्थियों की ए 1 ग्रेड थी। 12वीं सामान्य संकाय में 5660 विद्यार्थियों ने ए 1 ग्रेड पाई है, जबकि 2024 में 5522 विद्यार्थियों की ए 1 ग्रेड आई थी।

गुजकैट और मध्यमा परीक्षा का परिणाम भी जारी

गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को ही गुजरात कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (गुजकैट) का परिणाम भी घोषित कर दिया। इसके साथ ही संस्कृत माध्यम की मध्यमा परीक्षा का परिणाम भी जारी कर दिया। गुजकैट 2025 में 126197 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें से ए ग्रुप के 47739, बी ग्रुप के 78188 और ए बी ग्रुप के 270 विद्यार्थी शामिल हैं। ए ग्रुप में 99 और उससे अधिक पर्सेन्टाइल रैंक 489 विद्यार्थियों ने पाई है,जबकि बी ग्रुप में 790 विद्यार्थियों ने 99 पर्सेन्टाइल रैंक से अधिक अंक पाए हैं।

Hindi News / Ahmedabad / गुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय में छात्रों ने तो सामान्य संकाय में छात्राओं ने मारी बाजी

ट्रेंडिंग वीडियो