किस डायनासोर का जीवाश्म हुआ नीलाम?
सेराटोसॉरस (Ceratosaurus) नाम के डायनासोर का जीवाश्म हाल ही में नीलाम किया गया है। इस प्रजाति के डायनासोर, धरती पर करीब 15 करोड़ साल पहले पाए जाते थे। जानकारी के अनुसार करीब 15 करोड़ साल पहले यह मांसाहारी डायनासोर, उस समय के अमेरिका (United States Of America) के बाढ़ मैदानों में पाया जाता था।
करोड़ों में हुई नीलामी
न्यूयॉर्क (New York) के ऑक्शन हाउस ने सेराटोसॉरस के जीवाश्म को 30.5 मिलियन डॉलर्स (करीब 262 करोड़ रूपए) में नीलाम किया है। इसकी अनुमानित कीमत 4 से 6 मिलियन डॉलर्स (34 से 51 करोड़ रूपए) थी, लेकिन महज 6 मिनट में इसकी बोली सात गुना बढ़ गई। यह अब तक किसी डायनासोर के जीवाश्म की तीसरी सबसे महंगी नीलामी रही।
किस वजह से इतनी महंगी बोली लगी?
करीब 15 करोड़ साल पहले पाए जाने वाले सेराटोसॉरस, मांसाहारी डायनासोर होते थे, जिनकी नाक पर पतले सींग थे और उनके दांत खंजर जैसे होते थे। यह अब तक खोजे गए चार सेराटोसॉरस कंकालों में अकेला किशोर नमूना है, जिसकी लंबाई 11 फीट और ऊंचाई 6 फीट है। इसकी पूर्ण और सुरक्षित खोपड़ी इस नीलामी का प्रमुख आकर्षण बनी और इसी वजह से इसकी इतनी महंगी बोली लगी।