scriptमुख्यमंत्री ने चर्मण्यवती को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई | Patrika News

मुख्यमंत्री ने चर्मण्यवती को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई

बूंदी. केशवरायपाटन. गंगा दशहरा के अवसर पर गुरुवार को वंदे गंगा जल संरक्षण-जनअभियान के तहत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने यहां केशवरायपाटन स्थित केशव घाट पर मां चर्मण्यवती [चम्बल नदी] की पूजा अर्चना की। इसके बाद केशवघाट से कोटा की तरफ रंगपुर घाट तक चम्बल नदी को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई गई।

Jun 06, 2025 / 12:18 pm

Narendra Agarwal

मुख्यमंत्री ने चर्मण्यवती को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई

केशवरायपाटन में चम्बल नदी को चुनरी ओढ़ाते मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर।

बूंदी. केशवरायपाटन. गंगा दशहरा के अवसर पर गुरुवार को वंदे गंगा जल संरक्षण-जनअभियान के तहत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने यहां केशवरायपाटन स्थित केशव घाट पर मां चर्मण्यवती की पूजा अर्चना की। इसके बाद केशवघाट से कोटा की तरफ रंगपुर घाट तक चम्बल नदी को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई गई। महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
निर्धारित समय से देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा केशवरायपाटन में चम्बल नदी किनारे बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। हेलीकॉप्टर से उतरकर पहले उन्होंने मंदिर में जाकर भगवान केशवराय के दर्शन किए। इसके बाद घाट पर ही बनाए गए डोम में सभा को संबोधित किया।
सभा के बाद मुख्यमंत्री ने केशवघाट के किनारे बैठकर चम्बल नदी की पूजा अर्चना की। फिर चुनरी महोत्सव का आयोजन हुआ। चुनरी ओढ़ाने के लिए केशवघाट से रंगपुर घाट तक नदी के दोनों पाटों के बीच 22 नावों को जोडक़र एक साथ कतार में खड़ा किया गया था। आयोजकों 125 साडिय़ों को सिलकर 540 मीटर चुनरी तैयार की गई थी। मुख्यमंत्री ने चुनरी के एक सिरे को हाथ लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इसका यह सिरा नावों के जरिए आगे बढ़ता गया। रंगपुर घाट पर पहुंचने के बाद चुनरी ओढ़ाने का कार्यक्रम समाप्त हुआ। आचार्य बद्रीनारायण शर्मा के नेतृत्व में 11 पंडितों ने नदी का अभिषेक अभिषेक और पूजन करवाया। आखिरी में महाआरती हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री भरतपुर के लिए रवाना हो गए।
कार्यक्रम में बूंदी के प्रभारी और ऊर्जामंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी, बाबूलाल वर्मा, पूर्व विधायक चंद्रकान्ता मेघवाल, ओम प्रकाश शर्मा, बूंदी भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीना, कोटा भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, बूंदी भाजपा जिला प्रभारी जुगल किशोर मंचासीन रहे।
मुख्यमंत्री को तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया व पूर्व जिला परिषद सदस्य रामबाबू शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी लाल चुनरी में घाट पर बैठी रही।
राज्य को सबसे अधिक पानी की जरूरत
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण व पर्यावरण संरक्षण बहुत जरूरी है। राज्य में सबसे अधिक पानी की आवश्यकता है। सरकार ने पिछले एक वर्ष में पेयजल परियोजनाओं पर काफी काम किया है। इस बार बारिश का पानी रोक कर उसे बावड़ी, पोखर, तालाब व बांध में डाला जाएगा। चम्बल व काली ङ्क्षसध का पानी बूंदी और कोटा के अलावा अन्य जिलों को भी मिलेगा। सरकार ने किसानों के हित में और उद्योगों को विकसित करने का कार्य किया है। तीन लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर उतर चुके है। सभा को प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर ने भी संबोधित किया।
वापस लौट गई महिलाएं
वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में खूब अव्यवस्थाएं रही। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुबह दस बजे से ही लोग आने लगे गए थे। प्रशासन ने बसों को कृषि उपज मंडी परिसर में रोक दिया। इस कारण तीन किलोमीटर महिलाओं को पैदल चलकर चम्बल घाट पहुंचना पड़ा। मुख्यमंत्री के आने से पहले चम्बल के घाट खचाखच भर गए। ऐसे में दो बजे बाद कई महिलाएं वापस लौट गई। गर्मी अधिक होने के कारण चम्बल घाट पर एक बुजुर्ग गश खाकर गिर गया।
लोगों को नहीं मिलने दिया
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न संगठनों के लोग क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने मुख्यमंत्री के पास तक नहीं पहुंचने दिया। ऐसे में वे खासे खफा नजर आए। किसान सरकारी चीनी मिल चलाने की मांग को लेकर भगवान केशव राय मंदिर जीर्णोद्धार समिति मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन उनकों मिलने नहीं दिया गया। लोगों को मुख्यमंत्री से बड़ी घोषणा की उम्मीद थी लेकिन कुछ नहीं मिला।
पांच मिनट तक हुआ हंगामा
मुख्यमंत्री के मंच पर आने के बाद सबसे पहले ऊर्जा राज्य मंत्री हीरा लाल नागर के स्वागत करने के बाद भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंच पर आने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। यह देखकर पूर्व विधायक चन्द्रकांता मेघवाल मंच की सीढ़ी तक पहुंची और कुछ कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आई। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं द्वारा मंच पर जाने का प्रयास करने पर जिला कलक्टर मौके पर पहुंचे और व्यवस्था बनाई।

Hindi News / मुख्यमंत्री ने चर्मण्यवती को 540 मीटर लम्बी चुनरी ओढ़ाई

ट्रेंडिंग वीडियो