गर्मी से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध कर स्कूटी चलाती युवती। फोटो- पत्रिका
एक तरफ जहां राजस्थान के कई जिलों में जुलाई के महीने में भारी बारिश से बाढ़ के हालात हो गए थे, वहीं सिरोही में अगस्त महीना शुरू होने के बाद भी मानसून मानो रूठ सा गया है। मानसून के जिले में प्रवेश के 55 दिन हो गए, लेकिन जिले के 30 बांधों में से मात्र 4 बांध ही लबालब हो सके हैं। शनिवार सुबह 8 बजे तक सिरोही के मुख्य पेयजल स्त्रोत 22.50 फीट क्षमता वाले अणगोर बांध में 8.10 फीट पानी का गेज मापा गया।
जिलेवासियों को लंबे समय से बारिश का इंतजार है। जिले में मानसूनी बारिश तो हुई, लेकिल आमजन को झमाझम बारिश का इंतजार है। जिले में तेज या फिर भारी बारिश का अलर्ट कई बार मौसम विभाग ने जारी किया। इसके बावजूद जिले में बारिश बहुत कम हुई। गत करीब 10 दिन से तो जिले में जरा भी बारिश नहीं हुई। ऐसे में अब तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। दोपहर के वक्त लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी व उमस से लोग परेशान
शहर में बारिश हुए 10 दिन बीत गए। दो-तीन दिन से तेज धूप से तापमान में बढोतरी हो रही है। ऐसे में गर्मी व उमस का असर बढ़ रहा है। शहर में रविवार सुबह से ही तेज धूप रही। जिससे आमजन को उमस-गर्मी का अहसास हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री पहुंच गया। दिन के समय कई लोग धूप से बचने के लिए मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आए। पैदल चलने वाले कई लोगों ने छातों का सहारा लिया।
यह वीडियो भी देखें
Hindi News / Sirohi / Rajasthan: अगस्त में बारिश के लिए तरस रहा राजस्थान का यह जिला, 26 बांध अभी तक खाली