तीन दिनों तक होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 7, 8 और 9 अगस्त को पूरे बिहार में तेज बारिश होने की उम्मीद है। जबकि राज्य के दक्षिणी भागों के जिलों में एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा होने की संभावना है। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के सभी जिलों में आज भी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा पटना, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, जमुई, वैशाली, सहरसा, मधेपुरा जिलों के एक या दो स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। राज्य के उत्तरी भागों के जिलों में एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना है।
बुधवार को कैसा रहा मौसम
बुधवार को पटना व आसपास इलाकों में बादलों की आवाजाही बना रहा। गर्मा और उमस का प्रभाव बना रहा। पटना का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री रहा तो 34.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित 16 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। किशनगंज में सबसे अधिक 86 मिमी बारिश हुई। पूर्वी चंपारण में 52 मिमी, रोहतास में 44.2 मिमी, खगड़िया में 42.4 मिमी और समस्तीपुर में 40 मिमी बारिश हुई। हालांकि, पूरे राज्य में अब तक औसतन 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य रूप से अब तक 552.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन सिर्फ 407.2 मिमी ही दर्ज की गई है।
10 अगस्त तक के लिए भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 अगस्त तक बिहार में बारिश होगी। दरअसल, मानसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला निम्न दबाव क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण हैं। ये सभी सिस्टम नमी से भरी हवाएं लाएंगे, जिससे बारिश में बढ़ोतरी होगी।