राहुल गांधी सासाराम पहुंचे
बिहार में वोटर अधिकार यात्रा को लेकर राहुल गांधी सासाराम पहुंच गए हैं। राहुल गांधी के सासाराम पहुंचने पर कांग्रेस के नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी सासाराम पहुंचे हैं। राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने पर विपक्ष के नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा को लेकर 16 दिनों तक बिहार में रहेंगे। यह यात्रा बिहार के 20 से अधिक जिलों से होकर गुजरेगी। करीब 50 विधानसभा से यह यात्रा जुड़ेगी। यात्रा में करीब 1300 किलोमीटर का सफर तय किया जायेगा। इस यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में होने वाली महागठबंधन की एक बड़ी रैली के साथ होगी।
तेजस्वी यादव के साथ लालू प्रसाद भी पहुंचे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी विशेष विमान से गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे, वहां से हेलिकॉप्टर से सासाराम पहुंचे। सासाराम के एसपी जैन कॉलेज में हेलीपेड पर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे वहां से सीधे सासाराम के सुअरा हवाई अड्डा मैदानपहुंचे। वोटर अधिकार यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल, वीआईपी चीफ मुकेश सहनी, सीपीआई माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई नेता नेता मंच पर हैं। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव भी मंच पर पहुंच गए हैं। लालू प्रसाद के मंच पर पहुंचने पर राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनका स्वागत किया। महागठबंधन के इस कार्यक्रम को लेकर बिहार के अलग-अलग जिलों से लोग पहुंचे हैं। सभा में वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए जा रहे हैं।