मौसम विभाग के अनुसार 18 जून को यूपी में मानसून की एंट्री होगी। मौसम विभाग के अनुसार अभी उत्तर प्रदेश में प्री मानसून की बारिश हो रही है। 19 से 21 जून के बीच यूपी में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।
इन जिलों में आज जारी किया गया अलर्ट
IMD के मुताबिक आज यूपी के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कानपुर, उन्नाव, कासगंज, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, मैनपुरी, फिरोजाबाद, एटा, बस्ती, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, आगरा, मथुरा, हाथरस, गोरखपुर, औरैया, आजमगढ़, कन्नौज, इटावा, अमेठी, सहारनपुर, बहराइच, गोंडा, मऊ जिले शामिल हैं।
50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना
यूपी में मौसम विभाग ने तेज आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। लखनऊ में 40 से 60 किलोमीटर तक की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। IMD (भारतीय मौसम विज्ञान विभाग) के अनुसार, पूर्वी यूपी के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली-NCR से सटे यूपी के जिले जैसे गाजियाबाद, नोएडा इन क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं (gusty winds) चलने की संभावना है, जो अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।
मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ निचले क्षोभमंडल में पूर्वी हवाओं के मेल से पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश में प्री-मॉनसून बारिश की गतिविधियां सामान्य रहीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई (51-75%) स्थानों पर जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ (26-50% स्टेशनों) स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश के तराई इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश भी हुई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सर्वाधिक 149.4 मिमी. और नकुड़ (सहारनपुर) में 120 मिमी. की बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, बिजनौर में 86 मिमी. की भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में, मनकापुर (गोंडा) में सर्वाधिक 83 मिमी. और शारदानगर (लखीमपुर-खीरी) में 66.4 मिमी. की भारी बारिश हुई। इस व्यापक वर्षा और तापमान में आई गिरावट के परिणामस्वरूप प्रदेश से लू की स्थितियां पूरी तरह समाप्त हो गई हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।