जानकारी के मुताबिक, हाई लेवल आम बहस 23 से 29 सितम्बर तक चलेगी। इसमें ब्राजील सत्र का पहला स्पीकर होगा। उसके बाद अमेरिका की बारी आएगी। बताया जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को इस मंच से विश्व नेताओं को संबोधित करेंगे। यह व्हाइट हाउस में अपने दूसरे कार्यकाल में उनका संयुक्त राष्ट्र सत्र को पहला संबोधन होगा।
स्पीकर की सूची में भारत के शासनाध्यक्ष का नाम
महासभा के 80वें सत्र की बहस के लिए स्पीकर की प्रस्तावित सूची के अनुसार, भारत के ‘शासनाध्यक्ष (एचजी)’ 26 सितंबर की सुबह सत्र को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी इस संबोधन के दौरान पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की गीदड़भभकी का जवाब दे सकते हैं। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इजराइल, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शासनाध्यक्ष भी इसी दिन यानी कि 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस साल फरवरी में अमेरिका गए थे। इस दौरान, उन्होंने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक की थी। अब दोनों देशों के बीच रिश्ता खराब हो गया है। ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए हैं।
टैरिफ पर भारत सरकार ने भी अमेरिका को दिया है जवाब
ऐसा बताया गया है कि रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत पर यह कार्रवाई की गई है। वहीं, इन टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए, भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत को निशाना बनाना अनुचित और अविवेकपूर्ण है। भारत की तरफ साफ कहा गया है कि किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करेगा। बता दें कि भारत पर टैरिफ लगाए जाने के बाद पाक सेना चीफ मुनीर अमेरिका गए थे। इस दौरान, उन्होंने भारत को परमाणु हमले की भी धमकी दे डाली थी।