लड़कियों का जींस पहनना बुरा नहीं, लेकिन फटी हुई जींस पहना ठीक भी नहीं : योगेन्द्र कुमार
वक्ताओं ने भारत विकास परिषद शाखा नागौर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण समारोह में संस्कार और सभ्यता जीवन का आधार बने रहेंगे तो जीवन सार्थक और सुखमय होगा
नागौर. भारत विकास परिषद शाखा नागौर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का रविवार को दायित्व ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, परिषद के संरक्षक राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार डॉ. त्रिभुवन शर्मा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क विभाग के सह क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख योगेंद्र कुमार और प्रांतीय समन्वयक नृत्यगोपाल मित्तल ने भारत माता और स्वामी विवेकानंद के दिव्य चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए संघ के सह क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख योगेंद्र कुमार ने कहा कि परिषद में पदों का बंटवारा नहीं होता है, बल्कि दायित्व दिया जाता है, जो जिम्मेदारी का बोध करवाता है। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद भारत माता की सेवा करने और राष्ट्र को विश्व गुरु के परम वैभवशाली पद पर आसीन करने के लिए समाज के प्रबुद्ध और संपन्न वर्ग के लोगों के सहयोग से समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि संघ पंच परिवर्तनों के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा है। हम नागरिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी करें। पर्यावरण संरक्षण के लिए सार्थक कार्य रचना बनाकर अभियान चलाएं। स्वदेशी वस्तुओं, स्व भाषा, स्व परिधान, स्व भोजन, अपनी माटी अपने संसाधनों पर गर्व करें। उन्हें अपने जीवन में और आचरण में उतारें। हमारी कुटुंब व्यवस्था संपूर्ण विश्व में सर्वाधिक तार्किक और विश्वसनीय परिवार व्यवस्था है। परिवार के सदस्यों में आपसी स्नेह, श्रद्धा और विश्वास बढ़ेगा तभी समाज और राष्ट्र उन्नत होगा। उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी है कि हम युवा वर्ग को जीवन जीने की सही सीख दें। उनका मौलिक मार्गदर्शन करें। जब तक संस्कार और सभ्यता जीवन का आधार बने रहेंगे, व्यक्ति का जीवन सार्थक और सुखमय होगा। इसके विपरीत हम अनुभव करते हैं कि यूरोपीय देशों में युवा नशे, आतंक, अवसाद, आत्महत्या की ओर अग्रसर हो रहे हैं। योगेंद्र कुमार ने कहा कि लड़कियां जींस पहनती हैं, बुरी बात नहीं, लेकिन फटी हुई जींस पहनना कहां तक सही है। मैं देखता हूं कि चार-चार जगह से फटी हुई जींस पहन रही हैं, यह भारत की संस्कृति तो नहीं है।
Dr Tribhuvanमंत्री ने की परिषद के कार्यों की सराहना कैबिनेट मंत्री पटेल ने परिषद की सेवा गतिविधियों के वीडियो को देखकर नागौर शाखा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मैं यहां आने से पहले कुछ और बोलने का तय करके आया था, लेकिन आपकी सेवा और रचनात्मक गतिविधियों को देखकर कुछ बोलने की आवश्यकता ही नहीं लग रही है। मैं यहां से कुछ सीखकर ही जा रहा हूं। परिषद् की नागौर शाखा के लिए स्थायी भवन निर्माण और भूखंड आवंटन के कार्य के लिए उन्होंने स्वयं पैरवी करने की बात कहकर उत्साहवर्धन किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में परिषद की राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार के संरक्षक डॉ. शर्मा ने कहा कि दीन दुखियों और निर्धन के सेवा करने में ही ईश्वर की सेवा पूजा है। परिषद सेवा को आधारभूत मानकर ही अपनी गतिविधियों को संचालित करती है। सेवा, सहयोग, संस्कार, समर्पण और संपर्क के माध्यम से हम भारत को विश्व गुरु बनाने का महान लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री पटेल ने अध्यक्ष रामानुज मालाणी, सचिव सुभाष ललवाणी, कोषाध्यक्ष विकास सोनी और संरक्षक आनंद अग्रवाल को शपथ दिलवाई। वहीं डॉ. शर्मा ने नवीन सदस्यों डॉ. देवेंद्र शर्मा, डॉ. सौरभ जोशी, पंकज नाहटा, हनुमान राम चौधरी व श्याम सुंदर मूंदड़ा को सदस्यता शपथ दिलवाई। अध्यक्ष रामानुज मालाणी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सह सचिव शरद कुमार जोशी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इससे पहले परिषद के पूर्व सचिव चरण प्रकाश डागा ने सत्र 2024-2025 की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके साथ ही इन गतिविधियों का पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी किया गया। प्रांतीय समन्वयक मित्तल ने मंचस्थ अतिथियों का परिचय एवं स्वागत सम्मान करवाया। साथ ही भारत विकास परिषद के लक्ष्य और उद्देश्य को स्पष्ट किया।
भारत विकास परिषद शाखा नागौर के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण समारोहये भी रहे उपस्थित कार्यक्रम में खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा, नगर परिषद सभापति मीतू बोथरा, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, उपखंड अधिकारी गोविंदसिंह भींचर, भाजपा जिला अध्यक्ष रामधन पोटलिया, पार्षद नवरतन बोथरा, एसीबीईओ राधेश्याम गोदारा, मुकेश भाटी, मांगीलाल बंसल, डॉ. केवलराम गौड़, मुनेंद्र सुराणा, भोजराज सारस्वत, हरिराम धारणिया, डाॅ. बी एल भूतड़ा, पवन अग्रवाल, बजरंगलाल शर्मा सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Hindi News / Nagaur / लड़कियों का जींस पहनना बुरा नहीं, लेकिन फटी हुई जींस पहना ठीक भी नहीं : योगेन्द्र कुमार