scriptMumbai Rains: बारिश से बेहाल हुई मुंबई, तीनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें ठप, रेलवे ने शुरू की शटल सेवा | Mumbai in trouble due to heavy rain local train services suspended on Central western and Harbour lines | Patrika News
मुंबई

Mumbai Rains: बारिश से बेहाल हुई मुंबई, तीनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें ठप, रेलवे ने शुरू की शटल सेवा

Mumbai Local Train Update: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारी जलभराव और बाढ़ जैसे हालात के कारण मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी ठप हो गई हैं।

मुंबईAug 19, 2025 / 01:23 pm

Dinesh Dubey

Mumbai Rains Local Train update

Mumbai Local Train (Photo- IANS)

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन ठप कर दिया है। पटरियों पर पानी भरने की वजह से मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेनें ठप पड़ गई है। सेंट्रल, हार्बर और वेस्टर्न लाइन की लोकल ट्रेन सेवाएं आंशिक तौर पर सस्पेंड कर दी गई हैं, जबकि सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित है। शहर में आज सभी स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों में छुट्टी घोषित की गई है।

लोकल ट्रेनों का क्या है हाल?

मुंबई क्षेत्र में भारी बारिश और पानी भराव के कारण सीएसएमटी से ठाणे स्टेशन के बीच की मेन लाइन लोकल ट्रेन सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं। फिलहाल ठाणे से कर्जत, ठाणे से खोपोली और ठाणे से कसारा स्टेशन के बीच शटल सेवाएं चलाई जा रही हैं। वहीँ, मानखुर्द और पनवेल के बीच भी शटल ट्रेनें चलाई जा रही है
वहीँ, पटरियों के डूबने की वजह से मुंबई हार्बर लाइन पर भी ट्रेन सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। जबकि वेस्टर्न लाइन पर वस्याई-विरार के बीच लोकल ट्रेनसेवाएं कुछ देर तक बंद रहने के बाद शुरू हो गयीं है। हालांकि 20 से 25 मिनट की देरी से चल रहीं हैं।

मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके पड़ोसी जिलो में आज रेड अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों (18 अगस्त सुबह 8 बजे से 19 अगस्त सुबह 8 बजे तक) में मुंबई और उपनगरों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई।
मुंबई शहर में दादर में 300 मिमी, वडाला में 282 मिमी और सायन में 252 मिमी बारिश हुई। जबकि पश्चिमी उपनगरों में चिंचोली फायर स्टेशन पर 361 मिमी, कांदिवली में 337 मिमी और दिंडोशी में 305 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीँ, पूर्वी उपनगरों में चेंबूर में 297 मिमी, विक्रोली में 293 मिमी और पवई में 290 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मीठी नदी खतरे के निशान के पार

मुंबई में लगातार बारिश से कई निचले इलाकों में पानी भर गया है और यातायात ठप हो गया है। मीठी नदी भी उफान पर है, जिसके चलते कुर्ला के क्रांति नगर इलाके (Kranti Nagar Flood) को खाली कराया जा रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों से बाहर निकलने से बचें और सरकार के निर्देशों का पालन करें।

Hindi News / Mumbai / Mumbai Rains: बारिश से बेहाल हुई मुंबई, तीनों लाइनों पर लोकल ट्रेनें ठप, रेलवे ने शुरू की शटल सेवा

ट्रेंडिंग वीडियो