मंगलवार को दोपहर में कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बड़ा कब्रिस्तान में तीन महिलाओं की कब्रें किसी ने खोद दी हैं। इस पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे और कोतवाली थाना इंचार्ज अशोक सिंह चौहान अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ कब्रिस्तान पहुंचे। कब्रिस्तान कमेटी के सदस्यों व परिवार के लोगों ने उन्हें घटना के बारे में बताया। पुलिस अधिकारियों ने एक-एक कर तीनों कब्रों को देखा। पुलिस ने दरगाह के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने के लिए डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया।
दुआ करने आया तो खुली थी मां की कब्र
मोहम्मद आरिफ ने बताया कि शुक्रवार को मां की मौत हुई थी। उन्हें बड़ा कब्रिस्तान में दफनाया गया था। यह मंगलवार को मां की कब्र पर दुआ करने आया था। यहां देखा तो मां की कब्र पैर की तरफ से खुदी हुई थी। चटाई बाहर थी और फर्शी भी निकली हुई थी। पहले लगा कि किसी जानवर ने कर दी होगी, लेकिन दो अन्य परिवार के लोग भी आए, जिनकी मां की कब्र इसी तरह से किसी ने खोद दी थी। वह भी पैरों की तरफ से ही खोदी गई थी।
कब्रें नई, तांत्रिक क्रिया की आशंका
कब्रिस्तान कमेटी के कोषाध्यक्ष ने बताया कि कब्रिस्तान में कर्बे खोदने का काम करने वाले अब्दुल रहमान का फोन आया कि कुछ कब्रें ऐसी हैं जो कुछ दिन पहले की हैं। ये तीन कब्रें खुली हुई हैं। तांत्रिक क्रिया की आशंका है। इस बारे में पुलिस अधिकारियों को बताया। एक कब्र के निकट मिले इत्र, टॉर्च और गुलाबजल
सिहाड़ा में भी कब्रिस्तान के अंदर तीन कब्रें खोदी गई हैं। शहर की तरह यहां भी कब्रें पैरों की तरफ से ही खोदी गई हैं। यहां एक कब के पास टॉर्च, इत्र व गुलाबजल की खाली बोतल मिली है। थाने में शिकायत कर कब्रें खोदने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली और मोघट थाना क्षेत्र के दो कब्रिस्तानों में छह कब्रें खोदकर छेड़छाड़ करने की घटना सामने आई है। जिसमें चार महिलाओं व दो पुरुषों की कब्रें हैं। इनके शव दफनाए हुए अधिक समय नहीं हुआ है, यह बात परिवार ने बताई है। दोनों क्षेत्रों में हुई घटना में केस दर्ज कर जाँच की जा रही है।- अभिनव बारंगे, नगर पुलिस अधीक्षक