scriptAhmedabad Plane Crash : खुशबू के पिता पर टूटा दुखों का पहाड़, पढ़ें दिल छूने वाली दर्दनाक हादसे की कहानी | Ahmedabad Plane Crash Rajasthan Jodhpur Khushboo Father did not know his Daughter Last Farewell Read Heart Touching Story Tragic Accident | Patrika News
जोधपुर

Ahmedabad Plane Crash : खुशबू के पिता पर टूटा दुखों का पहाड़, पढ़ें दिल छूने वाली दर्दनाक हादसे की कहानी

Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे में जोधपुर की खुशबू राजपुरोहित भी शामिल थीं। वह अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी। पर किस्मत को यह मंजूर न था। जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली तो खुशबू के ससुराल-पीहर में मातम पसर गया। पढ़ें दिल छूने वाली दर्दनाक हादसे की कहानी।

जोधपुरJun 14, 2025 / 10:45 am

Sanjay Kumar Srivastava

Ahmedabad Plane Crash Rajasthan Jodhpur Khushboo Father did not know his Daughter Last Farewell Read Heart Touching Story Tragic Accident

अपने माता-पिता के साथ खुशबू। फोटो पत्रिका

Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे में खुशबू राजपुरोहित भी शामिल थीं। वह अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी। पर किस्मत को यह मंजूर न था। जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली तो खुशबू के ससुराल-पीहर में मातम पसर गया। खुशबू राजपुरोहित का ससुराल जोधपुर जिले के खाराबेरा गांव में है। जबकि पीहर बालोतरा जिले के अराबा में है। एक पिता ने बेटी को आंखों में सपने और मुस्कान के साथ एयरपोर्ट पर लंदन के लिए विदा किया, लेकिन कुछ ही घंटें बाद वहीं विदाई जीवन की अंतिम विदाई बन गई। अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में बालोतरा जिले की अराबा दुदावता निवासी खुशबू कंवर राजपुरोहित की दर्दनाक मौत हो गई।

संबंधित खबरें

खुशबू की शादी को महज साढ़े चार माह ही बीते थे

खुशबू की शादी महज साढ़े चार महीने पहले, 18 जनवरी को लूणी विधानसभा क्षेत्र के खाराबेरा पुरोहितान निवासी डॉ. मनफूल सिंह उर्फ विपुल सिंह से हुई थी, जो लंदन में चिकित्सक हैं। शादी के बाद विपुल लंदन लौट गए थे, और अब खुशबू पहली बार अपने पति के पास लंदन जा रही थी। अहमदाबाद से गुरुवार सुबह वह एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन रवाना हुई थी। लेकिन उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान क्रेश हो गया, जिससे खुशबू की मौत हो गई।

एयरपोर्ट से विदाई के बाद ही टूटा दुख का पहाड़

गुरुवार को खुशबू को उसके पिता मदनसिंह और चचेरे भाई अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने आए थे। उन्होंने एयरपोर्ट पर साथ में तस्वीरें खिंचवाई और खुशी-खुशी बेटी को विदा किया। परिजनों की आंखें पहली विदेश यात्रा पर जा रही खुशबू के लिए भरी हुई थीं, मगर गर्व और खुशी भी थी। लेकिन जब वे मेहसाणा के पास पहुंचे, तो उन्हें विमान दुर्घटना की सूचना मिली। उस पल पिता-भाई दोनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि जिसे अभी-अभी मुस्कान के साथ विदा किया, वो अब कभी वापस नहीं आएगी।
यह भी पढ़ें

Ahmedabad plane crash: विमान हादसे में राजस्थान के 12 लोगों की मौत, सीएम भजनलाल ने मृतकों के परिजनों को किया फोन

दोनों गांवों और जोधपुर में पसरा मातम

खबर मिलते ही पीहर अराबा दुदावता और ससुराल खाराबेरा पुरोहितान के साथ-साथ जोधपुर स्थित ससुराल सरस्वती नगर में भी शोक की लहर दौड़ गई। खुशबू के पति के भाई शक्ति सिंह ने बताया कि जैसे ही दुर्घटना की सूचना मिली पूरा परिवार उसकी सलामती की दुआ करने लगा और कुछ परिजन तत्काल अहमदाबाद रवाना हो गए।

विदाई का वो पल बन गया हमेशा के लिए यादगार

गांव से रवाना होते समय खुशबू ने अपने माता-पिता, भाई-बहनों और रिश्तेदारों से गले लगकर पारंपरिक रीति-रिवाज से विदाई ली थी। सभी की आंखों में आंसू थे, मगर खुशी भी थी कि बेटी नई जिंदगी की ओर कदम बढ़ा रही है। किसी ने नहीं सोचा था कि यह आखिरी बार होगा जब वे खुशबू को देख रहे हैं। अब उसके लौटकर नहीं आने से दोनों घरों में मातम पसरा है। गांव में शोक की लहर हैं और हर चेहरा नम है। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं और खुशबू की अंतिम विदाई को हमेशा के लिए दिलों में बसा दिया।

नेताओं ने जताई संवेदना

अहमदाबाद हादसे को लेकर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल और ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर सहित अन्य नेताओं ने संवेदनाएं व्यक्त की है। पटेल ने कहा कि मेरे क्षेत्र में एक बालिका का ससुराल है, उनके परिवार की हरसंभव मदद करेंगे। वहीं गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी सहित अन्य लोगों के हादसे का शिकार होने पर संवेदनाएं व्यक्त की।
यह भी पढ़ें

अहमदाबाद विमान हादसा: राजस्थान का एक पूरा परिवार हादसे का शिकार, डॉक्टर फैमिली हो रही थी लंदन शिफ्ट

होंगी श्रद्धांजलि सभाएं

हादसे को लेकर हर किसी की आंख नम नजर आई। कई स्वयंसेवी संगठनों व समाजों की ओर से संवेदनाएं व्यक्त की गई। व्यापार संघ व अन्य लोग भी अपने-अपने तरीके से श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

Hindi News / Jodhpur / Ahmedabad Plane Crash : खुशबू के पिता पर टूटा दुखों का पहाड़, पढ़ें दिल छूने वाली दर्दनाक हादसे की कहानी

ट्रेंडिंग वीडियो