श्रीगंगानगर में 1934 में पहुंचा था 50 डिग्री तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, श्रीगंगानगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। यह तापमान जून माह में रिकॉर्ड किए गए सर्वाधिक तापमान 50.0 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँच गया है, जो 14 जून 1934 को दर्ज हुआ था।
राजस्थान के 6 शहर ऐसे रहे जहां तापमान 46 डिग्री को पार कर गया
राजस्थान के 6 शहर ऐसे रहे जहां तापमान 46 डिग्री को पार कर गया। इनमें बाड़मेर में 46.2 डिग्री, जैसलमेर 46.9 डिग्री, जोधपुर शहर में 46.3 डिग्री, फलौदी में 46.2 डिग्री, बीकानेर में 46.4 डिग्री और चूरू में 47.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। यह स्थिति आमजन के लिए बेहद कठिन बन गई है।
राहत की खबर आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट
हालांकि राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, 14 जून से उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट संभव है।
वहीं, जोधपुर और बीकानेर संभाग में हीटवेव का दौर जारी रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर बाद कुछ जगहों पर बादल छाने, तेज अंधड़ (50-60 किमी प्रति घंटे की गति से) चलने और हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है।
15 जून से प्री-मानसून गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में 2-4 डिग्री और गिरावट हो सकती है। इससे प्रदेशवासियों को हीटवेव से राहत मिलने की प्रबल संभावना है।