राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड दसवीं व बारहवीं कक्षा के परिणाम निकालने की तैयारियों में जुट गया है। केंद्रीय मूल्यांकन प्रणाली के तहत उत्तर पुस्तिकाएं लगभग जांची जा चुकी हैं। कुछ दूरस्थ केन्द्रों से रिपोर्ट आनी शेष है। 20 मई के बाद परिणाम अपलोडिंग का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। बारहवीं कक्षा का परिणाम मई के अंतिम सप्ताह तक निकाला जा सकता है।
बोर्ड की ओर से सामान्यत: विज्ञान व वाणिज्य के परिणाम एक साथ व कला संकाय का परिणाम सबसे आखिर में निकाला जाता है। कई बार तीनों विषयों के परिणाम एक साथ भी निकाले गए हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार भी तीनों संकाय का परिणाम एक साथ निकाला जा सकता है।
यह वीडियो भी देखें
10वीं का परिणाम
बोर्ड प्रशासन दसवीं कक्षा का परिणाम भी मई महीने में निकालने की तैयारी में है। दसवीं कक्षा में 10 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सचिव कैलाशचन्द्र शर्मा के अनुसार परिणाम निकालने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बोर्ड प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि 12वीं की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा चुकी हैं। वहीं 10वीं की उत्तर पुस्तिकाओं को जांचने का कार्य अंतिम चरणों में है।