Gonda News:
गोंडा जिले में देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब इलाज के लिए आई 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रोली के रूप में हुई है। जो बुखार से पीड़ित थी। जानकारी के मुताबिक, वह शुक्रवार देर शाम गोंडा मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जनता मेडिकल स्टोर पर इलाज कराने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर के अंदर ही डॉक्टर शोएब इकबाल अवैध तरीके से क्लिनिक चलाते हैं। वहीं मरीजों का इलाज करते हैं।
बुखार ठीक करने के नाम पर लगाया इंजेक्शन लगता ही बिगड़ी तबीयत
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर शोएब इकबाल ने बुखार ठीक करने के नाम पर रोली को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। रात करीब 10:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद महिला के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और मेडिकल स्टोर के अंदर व बाहर जमकर हंगामा करने लगे। मौके पर जुटी भीड़ ने आरोप लगाया कि अवैध तरीके से चल रहे इस क्लिनिक में बिना किसी मानक के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। जिससे बड़ी लापरवाही सामने आई है। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में जुटी क्लीनिक की शुरू हुई जांच
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अवैध रूप से क्लिनिक चलाने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। उधर, मृतका के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।