संभावित निवेशकों के साथ बातचीत जारी
आरसीबी को भारत में यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड की ओर से डियाजियो पीएलसी के माध्यम से चलाया जाता है, जो संभावित निवेशकों के साथ बातचीत कर रही है। हालांकि अभी तक फ्रेंचाइजी के मूल्यांकन के बारे में किसी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। ब्लूमबर्ग ने बताया है कि आरसीबी मालिक पूरी बिक्री के लिए 2 बिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 16,834 करोड़ रुपये) तक तय हो सकती है।
पैसे कमाने के तरीके तलाश रही आरसीबी
रिपोर्ट के अनुसार, शराब की ये प्रमुख कंपनी हाल ही में खिताब जीतने के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी से पैसे कमाने के तरीके तलाश रही है। डियाजियो इस सौदे को प्रबंधित करने के लिए संभावित कंस्लटेंट्स से बात कर रही है। जैसे ही आरसीबी की संभावित बिक्री की खबर आई, लोगों की भावनाओं ने यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयरों को भी बढ़ावा दिया। मंगलवार की सुबह शेयर की कीमतों में 3.3% तक की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, फ्रेंचाइजी को बेचना है या नहीं, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हो सका है। डियाजियो ने आरसीबी को कैसे खरीदा
आईपीएल के साथ ही 2008 में इस फ्रैंचाइज़ी की शुरुआत हुई थी। तब इसे विजय माल्या ने खरीदा था, जो किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक थे और भारत के शराब उद्योग में सबसे प्रसिद्ध हस्तियों में से एक थे। कर्ज में फंसने के बाद माल्या का साम्राज्य ढह गया। इसके बाद डियाजियो ने भारत में अपनी सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स के माध्यम से आरसीबी को खरीदा। आरसीबी दुनिया भर में सोशल मीडिया पर सबसे ज़्यादा फॉलो की जाने वाली खेल टीमों में से एक है।