एमपी में प्रदेश के नए मुख्य सचिव के नाम पर फिलहाल ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन का रिटायरमेंट का समय नजदीक आ चुका है। उनका कार्यकाल महज 12 दिन का बचा है। अनुराग जैन को अपने पूर्ववर्तियों की तरह एक्सटेंशन देने की बात कही जा रही है हालांकि राज्य सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार को ऐसा प्रस्ताव भेजा नहीं है।
प्रदेश के नए प्रशासनिक मुखिया यानि मुख्य सचिव पद के लिए डॉ. राजेश राजौरा, अशोक बर्णवाल और अलका उपाध्याय के नाम भी शामिल हैं। सीएस अनुराग जैन को एक्सटेंशन नहीं मिलने की स्थिति में इन तीनों में से कोई एक आईएएस प्रदेश का नया मुख्य सचिव बन सकता है। सीएस की दौड़ में डॉ. राजेश राजौरा अभी टॉप पर बताए जा रहे हैं।
आधिकारिक रूप से सौजन्य भेंट बताया
सोमवार को सीएस अनुराग जैन ने अचानक राजभवन जाकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर अटकलों को और हवा दे दी। मुख्य सचिव जैन ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। सीएस अनुराग जैन और
राज्यपाल की इस मुलाकात को आधिकारिक रूप से सौजन्य भेंट बताया जा रहा है लेकिन इसके निहितार्थ पर चर्चा चल निकली है।