बीजेपी सरकार के मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के विरोध में निवाड़ी में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के अंतर्गत अंबेडकर चौराहे पर मंत्री का पुतला दहन किया गया जिसमें हादसा हो गया। पुतला जलाते समय आग भड़क गई जिसमें आसपास के कई लोग उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
कांग्रेस नेता हबीब खान ने जैसे ही पुतले पर पेट्रोल डाला, वैसे ही आग भड़की और इससे आसपास के अनेक लोग झुलस गए।
इस मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता हबीब खान और रोशनी यादव समेत 8 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुक्रवार देर रात ये कार्रवाई की गई।
धारा 151/25 बीएनएस, 125, 125A, 190, 223 और 287 के तहत एफआइआर
पुलिस ने बताया कि कांग्रेस प्रवक्ता और जिला पंचायत सदस्य रोशनी यादव, हबीब खान, रमेश निराला, पुष्पेंद्र दांगी, कल्याण दांगी, अनूप बड़ोनिया, अनिल यादव और चंद्रभान दांगी पर केस दर्ज किया गया है। एसडीओपी मनमोहन बघेल ने बताया कि आरोपियों पर धारा 151/25 बीएनएस, 125, 125A, 190, 223 और 287 के तहत एफआइआर की गई है।