घटना बागपत जिले के एक मोहल्ले की है। यहां एक मैकेनिक अपने परिवार के साथ रहता है। सुबह मैकेनिक अपने बच्चे और पिता को घुमाने ले गया था। घर पर उसकी पत्नी साफ-सफाई कर रही थी। इसी दौरान मैकेनिक के पिता घर लौट आए। उनके जूतों में काफी मिट्टी लगी हुई थी, जो घर के फर्श पर फैल गई। पोछा लगाने के बाद दोबारा गंदगी देखकर बहू गुस्से से लाल हो गई। आपे से बाहर हुई महिला ने वृद्ध ससुर की डंडों से जमकर पिटाई कर दी।
ससुर को पीटने के बाद खुद फंदे से लटकी
ससुर को पीटने के बाद बहू ने उनसे गाली-गलौज भी की और फिर अपने कमरे में चली गई। कमरे में उसने दुपट्टे से फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसी दौरान मैकेनिक अपने बच्चों के साथ घर लौटा। अपनी मां को पंखे से लटका देखकर बेटी ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और आसपास के लोग तुरंत कमरे में पहुंचे। उन्होंने फंदा काटकर महिला को नीचे उतारा और आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।