उत्तर प्रदेश में मौसम का बदलाव
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने राज्य के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। 3 जून को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50–60 किमी/घंटा की तेज हवाएं भी चल सकती है। 3 जून को यह सिस्टम पूर्वी यूपी में भी सक्रिय होगा। 4 जून को दोनों क्षेत्रों में 30–40 किमी/घंटा की गति से हवाएं और हल्की बारिश का अनुमान है।
लखनऊ का मौसम
लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय गरज के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी का अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 26°C रहने का अनुमान है। बांदा में सर्वाधिक 44°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि अलीगढ़ में न्यूनतम तापमान 22.8°C रिकॉर्ड हुआ।
उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम रहेगा गंभीर
उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में 2 और 3 जून को 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवाएं 70 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं। 3 जून को उत्तराखंड और पंजाब में भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम ?
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 3 से 4 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज के साथ हल्की बारिश होगी। तापमान सामान्य से 3–5 डिग्री कम रहेगा। अधिकतम 34–38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22–24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम बिगड़ने के संकेत हैं। मणिपुर, नागालैंड, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 3 जून को भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। असम और मेघालय के कुछ जिलों में स्थानीय बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की आशंका है। इससे यातायात, फसलें और जन-जीवन प्रभावित हो सकता है।